कस्बा की नई बस्ती राज नगर इलाके में एक युवक ने अपनी बुजुर्ग मां की जान लेने का प्रयास किया। पड़ोसियों ने आरोपी बेटे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। वृद्धा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पड़ोसी दिनेश ने आरोपी बेटे के खिलाफ तहरीर दी है।
ओमवती पत्नी रमेश चंद्र नई बस्ती राजनगर में त्यागी कॉलोनी के निकट बेटे के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बेटे ने कहासुनी होने के बाद उनके साथ मारपीट की। गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया। यही नहीं करंट लगाने की भी कोशिश की। चीख पुकार सुन मौके पर पहुंचे पड़ोसी दिनेश ने उन्हें बचाया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवक को भीड़ ने घेर लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। घायल वृद्धा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पड़ोसी दिनेश ने वृद्धा के बेटे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।