हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव छोटा लाड़पुर (मजरा ऐंहन) में यहां एक घर में छिपे सांप ने बीएससी की छात्रा को तीन दिनों के भीतर तीन बार डस लिया। वहीं किशोरी के पिता का दावा है कि बीते डेढ़ महीने के अंदर सांप उनकी बेटी को सात बार काट चुका है। बार-बार हो रही इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है।
गांव छोटा लाड़पुर निवासी कोमल प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी अनीता शहर के एक कॉलेज से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। बीते बुधवार (17 सितंबर) को किशोरी को घर में सांप ने डस लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां से ठीक होने पर उसे छुट्टी मिल गई।
शुक्रवार सुबह फिर से उसी सांप ने अनीता को डस लिया, जिला अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। परिजनों ने घर में सांप की तलाश के लिए 'सर्प मित्र' को भी बुलाया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी सांप का कोई सुराग नहीं मिला। हद तो तब हो गई जब शनिवार सुबह जब अनीता बाथरूम में गई, तो वहां पहले से मौजूद सांप ने उसे तीसरी बार डस लिया। किशोरी की चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में उसे फिर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
एंटी वेनम देकर बचाई गई जान
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि किशोरी को इमरजेंसी में तुरंत एंटी वेनम का इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद दो घंटे में उसकी स्थिति में सुधार आ गया। सीएमएस के अनुसार आशंका है कि सांप अत्यधिक जहरीला नहीं था, जिसके चलते किशोरी की जान बार-बार बच रही है और हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
घर में छिपा हो सकता है सांप
पिता कोमल प्रसाद का कहना है कि डेढ़ महीने में सात बार सांप के काटने से वे बेहद परेशान हो चुके हैं। सर्प विशेषज्ञों का अनुमान है कि सांप घर के किसी कोने या बाथरूम के आसपास ही छिपा हुआ है। इस कारण किशोरी बार-बार उसकी चपेट में आ रही है। चिकित्सकों ने परिवार को घर की गहन सफाई कराने और सतर्क रहने की सलाह दी है।