संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर पुलिस व एसओजी टीम ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2022 में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने नकदी, आधार कार्ड, पेन कार्ड, प्रवेश पत्र, लैपटाप, प्रिंटर, मोबाइल व एक कार बरामद की है। अभियुक्तों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि रविवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2022 की प्रथम पाली परीक्षा के दौरान थाना कोतवाली हाथरस क्षेत्रांतर्गत परीक्षा केंद्र सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या-10 में कक्ष निरीक्षकों की चेकिंग के दौरान धोखाधड़ी करके फर्जी ढंग से आधार कार्ड को प्रयोग कर अभ्यर्थी राहुल कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी जनपद कन्नौज, रोल नंबर- 02702974 के स्थान पर परीक्षा देने आए मनोज उर्फ मनोहर लाल पुत्र ढाकराराम निवासी ग्राम पुर थाना रानीवाडा जनपद जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त मनोज से विस्तार से पूछताछ की गई। जिसके बाद एसपी देवेश कुमार पांडेय ने क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीमों का गठन कर परीक्षा में सेंधमारी करने वाले गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था।
मुखबिर की सूचना पर साल्वर गैंग के सरगना प्रकाश विश्नोई निवासी ग्राम सोडिया थाना करडा जिला जालौर (राजस्थान) व अभियुक्त प्रदीप पुत्र महेश यादव निवासी ग्राम फुलरई थाना सिकंदराराऊ, अभिषेक पुत्र राकेश कुमार निवासी मोहल्ला गढ़ी बुंदू खां कस्बा व थाना सिकंदराराऊ, प्रमोद कुमार पुत्र राम खिलाड़ी निवासी गांव चितरासी थाना गंगीरी जिला अलीगढ़, विमला पत्नी मनोज कुमार निवासी राजीवनगर पुर थाना रानीवाडा जिला जालौर (राजस्थान) और ओमी कुमारी पत्नी प्रकाश विश्नोई निवासी गांव सोडिया थाना करडा जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह थाना कोतवाली नगर मय टीम और एसआई धीरज कुमार प्रभारी एसओजी शामिल थे।