छह आरोपी पांच बाइक सहित गिरफ्तार
- फोटो : पुलिस
अलीगढ़ की थाना गांधी पार्क और थाना सासनी गेट की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने डकैती की साजिश रचने के आरोप में अंतरराज्यीय गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर गांधी पार्क थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर इन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी किसी बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नीरज (हाथरस का हिस्ट्रीशीटर), राजू उर्फ राजकुमार (हाथरस का हिस्ट्रीशीटर), विपिन (निवासी अलीगढ़), अनुराग वर्मा (निवासी अलीगढ़), जगत उर्फ बिल्लू (निवासी अलीगढ़), विक्रम (निवासी गाजियाबाद) शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की गईं पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, एक पल्सर, एक हीरो एक्सट्रीम और दो स्प्लेंडर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये मोटरसाइकिलें बुलंदशहर, आगरा, दिल्ली और अन्य शहरों से चोरी की गईं थीं। इसके अलावा उनके पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और पांच कारतूस भी मिले हैं।
मुकदमों का लंबा आपराधिक इतिहास
एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक पकड़े गए अपराधियों का रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है। गिरोह के मुख्य सदस्य नीरज पर 31 मुकदमे और राजू उर्फ राजकुमार पर 36 मुकदमे दर्ज हैं। विक्रम पर भी हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत 18 मामले दर्ज हैं। ये बदमाश अलीगढ़, हाथरस, आगरा और दिल्ली के विभिन्न थानों में वांछित रहे हैं और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।