मुरसान के रामलीला मैदान में धरने पर बैठे दुकानदार। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बा में मंगलवार की दोपहर को दिनेश अग्रवाल की परचून की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा नमूने भरने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। अन्य दुकानदारों के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह भी मौके पर पहुंच गए और छापेमारी का विरोध करने लगे। विरोध में परचून के दुकानदार दुकानें बंद करके रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए थे। विभागीय और अन्य अधिकारियों ने समझाकर धरना खत्म कराया।
विरोध करने वालों को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनकी दुकान पर मिलावटी सामान बेचने की शिकायत मिली है, इसलिए उनकी दुकान से सामान के नमूने भरकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। नमूने भरने के बाद दुकानदार एकत्रित होकर मुरसान कोतवाली पहुंच गए और दुकान पर मिलावटी सामान की शिकायत करने वाले युवक पर चुनावी रंजिश के चलते शिकायतें करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
आरोप है कि पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं की तो दुकानदार एकत्रित होकर रामलीला मैदान पहुंचकर धरने पर बैठ गए। विमल अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, शिवजी कुमार सहित आदि दुकानदारों ने बताया कि वह मुरसान में वार्ड 10 वैश्यान गली के निवासी हैं। आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक नगर पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ा था। चुनाव हार जाने के बाद वह दुकानदारों से द्वेष भावना रखता है और इसी वजह से उनके खिलाफ झूठी शिकायतें करता रहता है। यह युवक चुनाव में खर्च किए गए तीन लाख रुपये चौथ के रूप में मांग रहा है। दुकानदारों ने बताया कि उनकी मुरसान थाने में सुनवाई नहीं हुई है। इस कारण उन्हें धरने पर बैठना पड़ा है।