शासन स्तर से लॉकडाउन संबंधी निर्देश जारी होने के बाद यहां जिला प्रशासन ने भी जिले में लॉकडाउन को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी हैं । जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि शनिवार व रविवार को छोड़कर सभी बाजार व सभी दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक खुलेंगी। इन निर्देशों के साथ ही दुकानदारों में चल रहे बाजार खोलने को लेकर असमंजस खत्म हो गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में रोस्टर के अनुसार निर्धारित दिवसों पर दुकानें खुल रही थी। यह रोस्टर यहां जिला प्रशासन ने जारी किया था। जिला प्रशासन ने दुकानों को दिवस बार खोलने के लिए रोस्टर जारी किया हुआ था। अब प्रदेश स्तर से लॉकडाउन के नए निर्देश जारी होने के बाद यहां जिला प्रशासन ने भी नई गाइड लाइन जारी कर दी है। जिला प्रशासन ने सोमवार से शुक्रवार तक सभी दुकानों को खोलने के निर्देश जारी कर दिए हैं। डीएम प्रवीण कुमार लक्ष्कार ने बताया है कि नए निर्देशों के क्रम में सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक सभी दुकानें खुलेंगी। प्रत्येक शनिवार और रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। दवा की दुकानें, होम डिलीवरी, ई कॉमर्स, अस्पताल, दूध आदि की होम डिलीवरी पर कोई रोक नहीं रहेगी। जिलाधिकारी ने सभी से इन दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।