अलग- अलग स्थानों पर सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया।
जमुना देवी व उनके पति चंद्रपाल निवासीगण अतरौली जिला अलीगढ़ किसी काम से सासनी आए थे। मंगलवार की रात बस न मिलने पर दाेनों अलीगढ़ के लिए एक बोलेरो कार में सवार हो गए। रास्ते में बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी ट्रोला में जाकर टक्कर मार दी। सड़क हादसे में दंपती घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल लाया गया। अजय पुत्र ओमप्रकाश निवासी फूलगंज थाना सादाबाद बाइक से मंगलवार दोपहर को किसी काम से हाथरस आया था। देर शाम को वो घर वापस रहा था। रास्ते में मीतई गांव के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। रमेश पचौरी पुत्र भगवान बाबू निवासी वामन नगला से बाइक से शादी समारोह से वापस लौटकर घर जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे वह घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
इधर, बृजेश पुत्र दामोदर निवासी डोरी नगर थाना गांधी नगर जिला अलीगढ़ हादसे में घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। बुधवार की दोपहर को चंद्रपाल शर्मा निवासीगण कस्बा चंदपा अपनी पुत्री दीक्षा को एमजी पालीटेक्निक कालेज में परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से लेकर आ रहे थे। नगला भुस के पास कार ने बाइक सवार बाइक में टक्कर मार दी। सड़क हादसे में दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने चंद्रपाल शर्मा को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया।