हाथरस तहसील में खसरा-खतौनी की नकल लेने के लिए लगी कतार
- फोटो : संवाद
हाथरस जिले की हाथरस और सासनी तहसील में भूलेखों की नकल देने वाला पोर्टल पिछले दो दिन से ठप है। 23 अप्रैल को यह पोर्टल कुछ देर के लिए चालू हुआ, लेकिन इसकी गति बहुत धीमी थी। इस कारण यहां नकल लेने आए ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी ग्रामीण तो इंतजार करके ही लौट गए।
लोगों ने अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की, लेकिन वह भी उनकी समस्या का समाधान नहीं करा पाए। न्यायालय के वादों का पोर्टल भी ठप होने के कारण नए वाद भी दर्ज नहीं किए जा पा रहे। दोनों तहसीलों में 10 से 12 वाद दर्ज होने के लिए लंबित हैं। सोमवार और मंगलवार को तो पोर्टल पूरी तरह ठप रहा था, जिससे भूलेखों की नकल से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इन कार्याें के लिए तहसील में आ रहे लोग मायूस होकर लौट रहे थे।
23 अप्रैल को लोग इस उम्मीद से तहसील में आए थे कि आज उन्हें नकल मिल जाएगी। पोर्टल चालू भी हो गया, लेकिन इसकी गति इतनी धीमी रही कि लोगों को नकल लेने के लिए एक-एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। तहसीलदार चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कई दिन से सर्वर में समस्या चल रही है। कोई काम नहीं हो पा रहा है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
पोर्टल कई दिन से परेशान कर रहा है। कई दिन से यहां भू लेखों की नकल लेने आ रहा हूं, लेकिन नकल नहीं मिल पा रही। आज कुछ देर के लिए पोर्टल चला है, लेकिन इसकी गति धीमी होने से नकल नहीं निकल पा रही।-प्रबल प्रताप सिंह निवासी अलीगढ़ रोड।
दो दिन से तहसील के चक्कर काट रहा हूं, लेकिन खतौनी की नकल नहीं मिल पा रही। आज आया तो पता चला कि पोर्टल पर काम हो रहा है, लेकिन गति इतनी धीमी है कि एक घंटे से कतार में लगने के बावजूद नंबर नहीं आया है।-ज्ञान मोहम्मद निवासी गांव चिंतागढ़ी।