हाथरस। दूसरे चरण में भी सादाबाद और सहपऊ के मतदान केंद्रों पर सुबह से लगी मतदाताओं की लाइनें शाम पांच बजे बाद ही छंट सकी। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मेले सरीखा नजारा दिखाई दिया।
कोई बैलगाड़ी, कोई रिक्शा, टेंपो तो कोई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठकर मतदान करने पहुंचा। सामूहिक रूप से निकली महिलाएं गीत गाते हुए वोट डालने पहुंची। यह नजारे लोकतंत्र के इस उत्सव के प्रति इन मतदाताओं के उत्साह की गवाही दे रहे थे। दोपहर को जरूर कुछ मतदान केंद्रों पर भीड़ कम दिखाई, लेकिन दोपहर बाद फिर मतदाताओं की कतारें मतदान केंद्रों पर दिखाई देने लगी। वोटरों के इसी उत्साह का नतीजा था कि शाम तक मतदान का प्रतिशत 70 फीसदी तक पहुंच गया।
सादाबाद व सहपऊ ब्लॉक के चुनाव में निशक्त, युवा व वृद्धजनों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने में पूरा जोश दिखाया। निशक्त व वृद्धजन अपने परिजनों के साथ पोलिंग बूथ तक पहुंचे और अपने मनपसंद प्रत्याशी को वोट दिया। निशक्त जहां ट्राईसाइकिल व अन्य वाहनों की सहायता से पहुंचे वहीं वृद्ध भी कोई अकेला तो कोई परिजन व आस पड़ोसी के सहयोग से पोलिंंग बूथ तक पहुंचा। इसी तरह युवाओं ने भी अपने मताधिकार का भरपूर प्रयोग किया।