संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला पंचायत की सबसे हॉट सीट वार्ड नंबर 14 पर देर रात तक पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली थी। उनके सामने उनकी देवरानी ऋतु उपाध्याय पांचवे स्थान पर थीं। इस वार्ड में उनके सामने दूसरे नंबर पर समाचार लिखे जाने तक क्षमा शर्मा चल रही थीं। बसपा समर्थित प्रत्याशी तीसरे स्थान और सपा समर्थित प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहे।
जिले की हॉट सीट वार्ड नंबर 14 पर सबकी टकटकी लगी थी। इसकी वजह यह थी कि वहां पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय और उनकी देवरानी ऋतु उपाध्याय ही आमने-सामने थीं। इस वार्ड पर पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी और उन्हें चुनौती मिल रही थी अपने ही छोटे भाई मुकुल उपाध्याय से।
मुकुल ने भाजपा का झंडा तो पहले ही थाम लिया था और उनकी पत्नी ऋतु उपाध्याय को भाजपा ने अपना समर्थित उम्मीदवार बनाया था। भाजपा में लंबे समय से दावेदारी कर रहे डॉ. अविन शर्मा ने पार्टी से बगावत कर दी थी और अपनी पत्नी क्षमा शर्मा को निर्दलीय मैदान में उतार दिया था। इस सीट पर दिलचस्प मुकाबला हो रहा था।
सीमा और क्षमा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ी थीं, जबकि ऋतु उपाध्याय को जिताने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी थी। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी उनके प्रचार में ग्लैमर का तड़का भी लगा गई थीं, लेकिन रुझान कुछ और ही आए। देर रात तक सीमा उपाध्याय ने निर्णायक बढ़त बना ली थी। क्षमा शर्मा दूसरे और ऋतु उपाध्याय पांचवें स्थान पर बनी हुई थीं।