मई में अवैध जच्चा बच्चा केंद्र का निरीक्षण करतीं एसडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। सादाबाद कस्बा और क्षेत्र में जगह-जगह अवैध रूप से निजी क्लीनिक और जच्चा बच्चा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। गुरुवार को गांव मई स्थित एक निजी नर्सिंग होम व जच्चा-बच्चा केंद्र पर एसडीएम और स्वास्थ्य महकमे की टीम ने छापा मारा। छापे के दौरान यह जच्चा-बच्चा केंद्र बिना किसी रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से संचालित मिला। अफसरों ने इस केंद्र को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अन्य झोलाछाप चिकित्सकों में भी हड़कंप मचा रहा।
गौरतलब हो कि पिछले काफी समय से कस्बा मई में अवैध रूप से जच्चा बच्चा केंद्र और निजी क्लीनिक संचालित होने की शिकायतें मिल रही थी। सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जब गांव मई के डॉ. जगवीर के जच्चा बच्चा केंद्र पर छापा मारा गया तो मौके पर एक महिला मरीज की डिलीवरी होते हुए मिली। ओटी और डिलीवरी टेबल फंक्शनल थी। डिलीवरी रूम में मिली ओटी लाइट, फीटल डॉप्लर, वजन मशीन, मॉनिटर कार्डियर, रूम हीटर, बड़ी मेज, वायलर, सक्शन मशीन, आला, बेड, कॉटन बंडल, एसवी सैट, 11 बड़ी बोतल ग्लूकोज आदि सामग्री को सील कर संचालक के सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अलावा डॉ. जगवीर के कार्यालय से प्राप्त रजिस्टर और स्टेशनरी को भी सील किया गया। डिलीवरी करा रही महिला को सीएचसी सादाबाद लाया गया है। एसडीएम ज्योतस्ना बंधु ने बताया कि मौके पर ग्लूकोज की बोतलें मिलीं हैं। इस केंद्र का स्वास्थ्य महकमे में कोई रजिस्ट्रेशन नहीं था। प्रेग्नेंसी खत्म करने की दवाएं भी मौके से मिलीं। ब्लड क्लोटिंग रोकने की दवाएं भी मिलीं। ऐसी दवाएं भी मौके से मिलीं, जिनके बारे में मौजूद डॉक्टर व कर्मी बता नहीं पाए। मौके पर डॉक्टर को नोटिस भी दिए गए। इस दौरान जुगेंद्र सिंह यादव व अन्य कर्मी मौजूद थे।