संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में बनाई गई कोरोना निगरानी समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों का शनिवार को एसडीएम राजेश कुमार और सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने गांव कुरसंडा और मंस्या कलां में निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य को बेहतर ढंग से अंजाम देने के संबंध में दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए गांव-गांव निगरानी समितियां बनाई गई हैं। इन समितियों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सहायिका, लेखपाल, रोजगार सेवक और सचिव आदि को लगाया गया है। यह समिति गांव में यह देखेंगीं कि कहीं बुखार तो नहीं फैल रहा है।
गांव में किसी प्रवासी या बाहरी व्यक्ति आने पर उसकी स्क्रीनिंग व जांच करेंगे। अगर कोई पीड़ित मिलता है तो उसे सीएचसी के लिए रेफर करेंगे। बुखार पीड़ितों को समिति द्वारा दवा भी दी जाएगी। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोविड 19 का टीका लगवाने के लिए भी यह समिति जागरूक करेगी। एसडीएम ने बताया कि गांव कुरसंडा व मंस्या कलां में निरीक्षण कर निगरानी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान कोल्ड चेन प्रभारी जुगेंद्र यादव भी मौजूद थे।