कस्बा मुरसान के जीएसएएस इंटर कॉलेज में शनिवार की दोपहर को प्रधानाचार्य और लिपिक के बीच झगड़ा हो गया। दोनों में हाथापाई होने के बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों का शांति भंग में चालान किया है।
बता दें कि कस्बा के जीएसएएस इंटर कॉलेज में पिछले कई महीनों से प्रधानाचार्य डाॅ.कैलाश चंद व लिपिक नयन कुमार अग्रवाल के बीच विवाद चल रहा है। नयन कुमार का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर को वह विद्यालय के रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज करने गए थे। इस दौरान प्रधानाचार्य ने गाली-गलौज कर दी। दोनों में हाथापाई हो गई। प्रधानाचार्य कैलाशचंद का कहना है कि नयन कुमार अग्रवाल उनसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज व अभद्रता करते रहते हैं। शुक्रवार को भी उनके द्वारा अभद्रता की गई थी।