शहर के मोहनगंज स्थित गैस एजेंसी पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
सहपऊ क्षेत्र की एकमात्र गैस एजेंसी पर रविवार को सिलिंडर के लिए जमकर हंगामा हुआ। सिलिंडर नहीं मिलने पर नोकझोंक हुई। लाइन में लगने को लेकर उपभोक्ता आपस में झगड़ते नजर आए। शाम तक यहां लाइन लगी रही। उपभोक्ताओं का आरोप था कि डिलीवरी संदेश आने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिले। हाथरस शहर में भी कई एजेंसियों पर मारामारी रही।
सहपऊ की सुनीता इंडेन गैस सर्विस पर रविवार की सुबह से ही लोगों का एकत्रित होना शुरू हो गया था। खाली सिलिंडर लेकर लोग लाइन में लगे। जबरन लाइन में घुसने वालों से उपभोक्ताओं की नोकझोंक हुई। एक से अधिक लाइन बनाने के कारण यहां दिनभर हंगामे की स्थिति रही। सिलिंडर न मिलने से आक्रोशित लोगों ने गैस एजेंसी पर भी आरोप लगाए।
लोगों का कहना था कि डिलीवरी संदेश भेज दिए गए हैं, लेकिन उनके सिलिंडर नहीं मिले। इससे साफ है कि गैस ब्लैक कर दी गई है। हंगामे की जानकारी पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सादाबाद का कहना है कि उपभोक्ताओं के आरोप पर एजेंसी की जांच कराई जा रही है। आपूर्ति निरीक्षक को भी जांच के लिए कहा गया है।
मेरा हर माह सिलिंडर बुक हो रहे हैं और एजेंसी से भेजा भी जा रहा है, लेकिन हमारे पास नहीं पहुंचे। यहां आने पर पता लगा कि उनके नाम पर सिलिंडर की डिलीवरी हो चुकी है।
-सचिन निवासी सहपऊ
सुबह से कतार में लगा हुआ था। शाम को नंबर आया, लेकिन धक्का-मुक्की के बीच कोई मेरा सिलिंडर लेकर गायब हो गया। यहां पर मौजूद पुलिस नहीं सुन रही है।
-पवन कुमार, सहपऊ
मैंने 22 मार्च की रात को गैस बुक की थी और 23 को रात में सिलिंडर भी डिलीवर हो गया, लेकिन मेरे पास सिलिंडर नहीं पहुंचा। मेरे पास इसका मेसेज भी है। अब यहां लाइन में लगा हूं।
-अंकुर शर्मा, सहपऊ