आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाईपास पर प्रताप चौराहे के निकट 24 नवंबर की शाम शॉर्ट-सर्किट से एक स्कॉर्पियो में आग लग गई। सवारियों ने जैसे-तैसे जान बचाई लेकिन देखते ही देखते स्कॉर्पियो आग का गोला बन गई। सूचना पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
दमकल कर्मियों ने स्कॉर्पियो में लगी आग पर काबू पा लिया। इस दौरान काफी देर तक आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। कुछ देर के लिए ट्रैफिक को भी रोका गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार लोगों से जानकारी की।
उन्होंने बताया कि वह अलीगढ़ से हाथरस एक शादी समारोह कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थे। गाड़ी 12 से 13 साल पुरानी है। शॉर्ट-सर्किट के बाद गाड़ी में आग लगी है। कोतवाली हाथरस गेट एसएचओ सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट से गाड़ी में आग लगी थी। जिस पर फायर ब्रिगेड ने काबू पा लिया है। गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।