क्षेत्र के एक स्कूल की बस को शनिवार की रात थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव खोंड़ा से चोरी कर भाग रहे चोर सादाबाद में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चोर भागने में सफल रहे। इस मामले में बस चालक ने सहपऊ थाने में तहरीर दी है।
तहरीर में चालक ओंकार सिंह ने बताया कि वह सादाबाद के एक निजी स्कूल की ट्रेवलर बस पर चालक हैं। वह काफी समय से बस का संचालन कर रहे हैं। रोजाना की तरह बस शनिवार की रात भी गांव में उनके घर के सामने सड़क पर खड़ी थी, लेकिन रात में ही अज्ञात चोर बस को चोरी कर ले गए। वह सुबह उठे तो देखा कि बस मौके पर नहीं थी। उन्होंने इसकी सूचना बस मालिक को दी।
बस मालिक ने उन्हें बताया कि बस से आगरा रोड पर जैतई मोड़ के पास हड़बड़ाहट में चोर ने भगाते हुए पेड़ में टक्कर मार दी है, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई है। बताते हैं कि यह स्कूली बस हाथरस की तरफ जा रही एक थार से टकराते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में थार भी क्षतिग्रस्त हो गई। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।