कस्बा सासनी से नानऊ की ओर जाने वाले मार्ग की बदहाली जल्द दूर हो जाएगी। इस मार्ग का 25 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार करने की तैयारी की जा रही है। लगभग 17 किलोमीटर लंबे मार्ग के एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। लोनिवि की ओर से लगभग 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
लंबे समय से सासनी से नानऊ सड़क मार्ग काफी जर्जर है। इस पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। आम लोगों के लिए यह रास्ता काफी दिक्कत वाला रहता है। यहां वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते हैं। इस रास्ते से जुड़े एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग काफी परेशान हैं। लगातार इस मार्ग को बनाए जाने की मांग की जा रही है।
इसे लेकर अब लोक निर्माण विभाग की ओर से 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस प्रस्ताव को जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इस सड़क के जीर्णोद्धार से नगला ताल, गोहाना, भूतपुर, नया नगला, ऊतरा, मोमनाबाद, अकबरपुर, सीकर, राईया, खिटौली, कटेलिया, तोड़लपुर आदि गांवों के राहगीरों को सीधे तौर पर फायदा होगा।
सासनी से नानऊ मार्ग की हालत बहुत खराब है। यहां के लोग लगातार सड़क को सुधारने की बात कर रहे हैं। जरूरत भी है कि जल्द ही यहां काम शुरू हो, ताकि राहगीरों की राह आसान हो जाए।
-संतोष कुमार निवासी खिटौली
सासनी से नानऊ मार्ग पर 17 किलोमीटर का रास्ता एक घंटे से अधिक में तय होता है। यहां कोई भी वाहन 20 किमी की गति से अधिक नहीं चलाया जा सकता। पता नहीं कब इसका जीर्णाेद्धार होगा।
-प्रदीप उपाध्याय निवासी नगला ताल।
सासनी-नानऊ सड़क मार्ग के लिए शासन को लगभग 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह मार्ग लगभग 17 किमी लंबा है।
-राजेश निगम, अधिशासी अभियंता लोनिवि