संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
महाशिवरात्रि के मौके पर बृहस्पतिवार को नगर का माहौल शिव भक्ति में सराबोर हो गया। शिव शक्ति संकीर्तन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। गौरीशंकर हिंदू इंटर कॉलेज से शुरू हुई संकीर्तन यात्रा ने पूरे नगर में भ्रमण किया। कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा के आगे बाइकों पर केसरिया झंडे लेकर युवकों का दल चल रहा था। इसके पीछे कई घोड़ों पर आकर्षक वेशभूषा में बच्चे सवार थे। जूलूस में शामिल 100 मीटर लंबा तिरंगा झंडा आकर्षण का केंद्र रहा। कई गाड़ियों में डीजे साउंड पर भोले बाबा की भक्ति से ओत-प्रोत गीत और भजन की प्रस्तुतियां चल रही थीं। इन गीतों पर युवा झूमते नजर आए।
नगर के मोहल्ला गौसगंज, जीटी रोड, कोतवाली रोड, बड़ा बाजार, नयागंज, सब्जी मंडी मार्केट, मोहल्ला बारहसैनी, पुरानी तहसील रोड, नगला लाला, नगला शीसगर, ब्राहमणपुरी और राठी चौराहा होती हुई यह यात्रा गौसगंज में पहुंचकर समाप्त हुई। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ सुरेंद्र सिंह, कोतवाल प्रवेश राणा और इंस्पेक्टर क्राइम योगेंद्र सिंह संभाले हुए थे। काफी पुलिस बल और पीएसी भी संकीर्तन यात्रा के साथ थी। सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिराग उपाध्याय ने जुलूस का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इस मौके पर व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय, भाजपा नेता सोमेश यादव, रवि सिसौदिया, लोकेश जादौन, विदेशी यादव, सोनू यादव, गौरव जय स्वीटस, देवेंद्र बघेल, सूरज वार्ष्णेय, संघ के घनश्याम, विकास वार्ष्णेय, विष्णु वार्ष्णेय, पंकज गुप्ता, बृजेश चौहान, कृष्ण यादव, अमन गुप्ता, रामप्रताप चौहान, नीरज वैश्य, मुकुल गुप्ता, देवदत्त वर्मा, शेखर पुंढीर, विपिन लाल, राजेंद्र मामा, बंटू यादव, जितेंद्र वार्ष्णेय, प्रिंस गुप्ता, अनिल महाजन, सचिन ठाकुर, नितिन पुंढीर, रानू पंडित, चेतन शर्मा आदि अनेक लोग यात्रा में शामिल थे।
मंदिरों में लगा रहा भक्तों का मेला
महाशिवरात्रि के मौके पर नगर के शिव मंदिरों में भी बृहस्पतिवार को पूरे दिन भक्तों का मेला लगा रहा। गंगाघाटों से कांवड़ लेकर लौटे कांवड़ियों के अलावा अन्य शिव भक्तों ने भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भक्तों ने भोलेनाथ पर नारियल, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाया। शाम को मंदिरों में शिव परिवार के मनोहारी शृंगार किए गए। भोलेनाथ के जयकारे देर रात तक गूंजते रहे।
शिव संकीर्तन यात्रा में उमड़ा शिवभक्त युवाओं का सैलाब।- फोटो : SIKANDHRA RAHU
शिव संकीर्तन यात्रा में भोले बाबा अपने भूत पिशाच स्वरूपों के साथ। - फोटो : SIKANDHRA RAHU