मुरसान थाने में खड़ी हत्यारोपी रामू की कार। संवाद
- फोटो : samvad
एसी मिस्त्री संजय हत्याकांड में पुलिस द्वारा लगातार फरार हत्यारोपियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। हत्याकांड में पुलिस फरार तीन हत्यारियों पर विगत में ईनाम घोषित कर चुकी है। अब पुलिस ने इस मामले में फरार हत्यारोपी इनामी रामू की कार प्रयोग करने वाले प्रॉपटी डीलर करुआ पहलवान के खिलाफ कोतवाली मुरसान में मुकदमा दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि पांच जुलाई को मुरसान गेट गांधी नगर लाला का नगला में दुकान पर बैठे एसी मिस्त्री संजय की हत्या की गई थी। इस हत्या में कुख्यात विनोद जाट गिरोह के सदस्यों द्वारा हत्या को अंजाम देने की बात सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में मोनिषकांत शर्मा व देवेंद्र को विगत में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्यारोपी संतोष जाट, रामू और गौरव चौधरी फरार है।
पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है। पुलिस ने संतोष जाट पर 15 हजार रुपये, गौरव चौधरी व रामू पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इधर, थाना मुरसान पुलिस ने फरार इनामी हत्यारोपी रामू के नाम स्कार्पियो कार को बरामद किया है। इस कार को पदू निवासी प्रॉपर्टी डीलर करुआ पहलवान से बरामद किया गया है। थाना पुलिस ने करुआ के खिलाफ धारा 216 यानि किसी अपराधी को शरण देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।