एनएच पर मृतक का शव रखकर जाम लगाते परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
नहरोई गांव के खेतों में काम कर रहे एक मजदूर को सांड़ ने पटक-पटककर मार डाला। बचाने आए दो युवकों को भी सांड़ ने घायल कर दिया। इससे गुस्साए लोगों ने एनएच पर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया, तब जाम खुला। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
शहर के मोहल्ला बालापट्टी निवासी पप्पू (50) पुत्र नेकसेराम शनिवार की सुबह गांव नहरोई निवासी आकाश के खेत में काम कर रहा था। तभी एक आवारा सांड़ आ गया। पप्पू उसे भगाने लगा तो सांड़ ने उसे जमीन पर पटक दिया। पप्पू को बचाने के लिए नहरोई निवासी गौरव और कुंवरपाल को भी सांड़ ने घायल कर दिया।
सांड़ और खूंखार हो गया और पप्पू को पटक-पटककर मार डाला। लोगों ने शव आगरा-अलीगढ़ एनएच पर रखकर जाम लगा दिया। यहां पर एसडीएम सदर अरुण कुमार और सीओ सिटी सुमन कनौजिया ने आर्थिक सहायता दिए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।