फार्मर रजिस्ट्री न कराने वाले जिले के करीब एक लाख किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि अटक सकती है। अभी तक करीब 51 फीसदी किसानों ने ही इस प्रक्रिया को पूरा किया है। 20 जून को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी होनी है।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को हर साल छह हजार रुपये की आर्थिक मदद की जाती है। तीन बार में दो-दो हजार रुपये उनके खाते में पहुंचते हैं। अब योजना का लाभ लेने के लिए किसान की फार्मर रजिस्ट्री होना अनिवार्य है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार किसान सम्मन निधि पोर्टल पर जिले के करीब 2.12 लाख किसान पंजीकृत हैं। अब तक करीब 1.12 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसान 10 जून तक किसी भी जन सुविधा केंद्र पर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं।
20 जून को किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त जारी होना प्रस्तावित है। जिन किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उनकी सम्मान निधि अटकने की पूरी संभावना है। इसलिए ऐसे किसान 10 जून तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री जरूर करा लें। - हंसराज, उप कृषि निदेशक, हाथरस।