आयुष्मान कार्ड बनाने में धीमी गति को लेकर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सासनी और मुरसान के प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) का अप्रैल माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में मुरसान व सासनी की ब्लाक की प्रगति पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। सीएमओ ने सीएचसी सासनी व मुरसान के एमओआईसी का अप्रैल का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को कार्य की गति सुस्त होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएमओ ने सभी ब्लाकों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सभी आशाओं को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए को सक्रिय कर होने की हिदायत दें। आशा एप के माध्यम से सभी आशा अपने क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना दें। सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी अंत्योदय कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। आयुष्मान कार्ड के कार्य में किसी भी प्रकार की लापारवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डॉ. नरेश गोयल, पुष्पेंद्र वीर सिंह, डॉ. प्रभात सिंह, लेखेंद्र भारद्वाज, मोहित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।