सादाबाद में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : Samvad
सादाबाद। कस्बे में रविवार को आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। आगरा रोड पर ईदगाह से लेकर चौधरी चरण सिंह तिराहे से विनोबा नगर चौराहे पर सुबह से लेकर देर शाम तक हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। वाहनों का कारवां रेंगता नजर आया।
जाम की समस्या के पीछे सहालग के चलते बाजारों में उमड़ रही भीड़ के साथ-साथ तिराहों और चौराहों पर फैला अतिक्रमण भी बड़ी वजह बन रहा है। सड़क किनारे और चौराहों के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन यातायात की रफ्तार रोक रहे हैं। इसके चलते कई स्थानों पर वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है और देखते ही देखते जाम लग जाता है।
जाम का असर केवल चारपहिया वाहनों तक ही सीमित नहीं रहा। पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर लोग जाम से जूझते रहे और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सहालग के सीजन में बाजारों की ओर लोगों की आवाजाही बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। ऐसे में तिराहों-चौराहों से अतिक्रमण हटाने और बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि कस्बे की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण का कहना है कि जाम की समस्या से निजात के लिए तिराहों व चौराहों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।