पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी फुटेज देखते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। बस स्टैंड के निकट भारत पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवा रहे बिजलीघर के एसएसओ के बैग से शातिर चोरों ने चकमा देकर 60 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की जानकारी होने पर एसएसओ ने इन शातिरों को काफी तलाशा, लेकिन यह हाथ नहीं लग सके। पेट्रोल पंप के कैमरे की रिकार्डिंग में घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवक कैद हो गए। पुलिस ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना की। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गहचौली निवासी रामकिशोर सिंह पुत्र साहब सिंह उजरई बिजलीघर पर बतौर एसएसओ तैनात हैं। उन्होंने शुक्रवार को करीब पौने दो बजे बकाया चुकाने के लिए बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने इन रुपयों को एक पॉलीथिन में रखकर अपने बैग में रख लिया। रुपयों के साथ पॉलीथिन में उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, आईडी कार्ड आदि कागजात भी रखे थे। बैग को उन्होंने बाइक पर लटका लिया। इसके बाद वह बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पेट्रोल डलवाने लगे। इस दौरान वहां दो अज्ञात युवक आए। एक युवक पीछे खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक आया और बैग के ऊपर अखबारी कागज लगाकर बैग में रखे 60 हजार रुपयों से भरी पॉलीथिन पार कर दी।
घटना की जानकारी जब एसएसओ रामकिशोर सिंह को हुई तो उन्होेंने शोर मचा दिया, लेकिन तब तक दोनों युवक वहां से जा चुके थे। पेट्रोल पंप और बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी देखी गईं। पेट्रोल पंप की फुटेज में यह युवक बैग से रुपये पार करते हुए नजर आ रहे थे। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। घटना के संबंध में पीड़ित ने रुपयों के चोरी होने के संबंध में तहरीर दे दी है।