हाथरस। कोतवाली क्षेत्र की आवास-विकास कॉलोनी में दिन-दहाडे़ तीन बदमाशों ने एक घर पर धावा बोला। बदमाश यहां से काफी सामान ले गए हैं, लेकिन अभी तक यह पता नहीं लगा है कि लगभग कितने का सामान गया है। जब किराएदार ने घर का ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया। बदमाश वहां से तमंचा दिखाते हुए भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी वहां पहुंच गई।
आवास-विकास कॉलोनी निवासी जेपी राठी रिटायर्ड इंजीनियर हैं। वह एक सप्ताह पूर्व अपने परिवार के साथ बेटे से मिलने के लिए भोपाल गए थे। उनके घर में सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रोफेसर जितेंद्र गुप्ता किराए पर रहते हैं। वह शनिवार की दोपहर को अपने बच्चे को जिला अस्पताल में टीका लगवाने गए हुए थे।
जब वह अपने घर वापस पहुंचे तो देखा उनके घर का ताला टूटा हुआ है तो उनके होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया। इसी बीच बदमाश तमंचा दिखाते हुए वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शक में वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है।
दिन-दहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शहर में दिन-दहाड़े किसी घर में चोरी की यह दूसरी वारदात है। इसी महीने के शुरू में बदमाशों ने आगरा रोड पर ही स्टील कारोबारी ऋषि बिंदल के यहां डकैती डाली थी। यह वारदात भी चंद कदम की दूरी पर ही हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह का कहना है कि तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।