हाथरस। बेखौफ बदमाशों ने शनिवार की रात को मथुरा रोड पर करवन नदी के पुल के पास हथियारों के बल पर एक बाइक सवार से बाइक और हजारों की नकदी लूट ली और फरार हो गए। सूचना पर मुरसान थाना पुलिस देर रात तक इन बदमाशों की घेराबंदी कर में लगी थी। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक गांव दयालपुर निवासी महीपाल अपनी बाइक पर सवार होकर गांव विशुनदास से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान करवन नदी पुल के स्पीड ब्रेकरों पर जैसे ही उसने बाइक की स्पीड कम की, वैसे ही वहां पहले से खड़े कुछ बाइकर्स ने उस पर तमंचा तान दिया और बाइक व नकदी उनके हवाले करने को कहा।
डरे-सहमे बाइक सवार ने अपनी बाइक और नकदी बदमाशों को दे दी। इसके बाद बदमाश अपनी और महीपाल की बाइक को लेकर वहां से सादाबाद की ओर भाग गए। बताते हैं कि बदमाश बड़े इत्मीनान से थाने के सामने होकर तेजी से सादाबाद की ओर निकल गए।
पीड़ित ने इसकी सूचना तुरंत कोतवाली मुरसान पुलिस को दी। मुरसान कोतवाली प्रभारी राजेश्वर त्यागी तुरंत हरकत में आए। उन्होंने फोर्स के साथ सादाबाद रोड पर बदमाशों की घेराबंदी की। खबर लिखे जाने तक पुलिस बदमाशों की घेराबंदी में लगी थी, लेकिन उसे कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। मुरसान कोतवाल त्यागी का कहना है कि पीड़ित की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।