पंत चौराहे पर सीसी रोड बनाने के बाद डाली गई मिट्टी से बनी दलदल। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की अधूरी और खराब मरम्मत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। लगातार बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें धंस गई हैं और गड्ढों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सबसे खराब स्थिति पंत चौराहे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्ग तक है, जहां सीसी रोड बनने के बावजूद दोनों ओर की पटरी करीब एक फीट नीचे होने से कीचड़ और दलदल बन गया है। रोडवेज बस पकड़ने वाले यात्रियों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
नौरंगाबाद निवासी विष्णु वार्ष्णेय ने बताया कि पाइपलाइन बिछाए करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत अब तक नहीं हुई। वहीं, मोहल्ला गौसगंज निवासी देवेंद्र ने कहा कि सड़क पर जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष मुशीर अहमद ने बताया कि सड़कों की शीघ्र मरम्मत के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल निगम को कई बार पत्र लिखे गए हैं। फिलहाल पालिका कर्मी जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने का कार्य कर रहे हैं।