सड़कों पर पड़े गड्ढे हादसों को दे रहे न्यौता
- फोटो : amarujala
हाथरस। मधुगढ़ी रोड और मुरसान गेट के लोगों के लिए अच्छी खबर है। एक साल से अधिक समय से बदहाल पड़े इन दोनों रास्तों पर सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र ही शुरू होने वाला है। पहली सड़क अल्लाह बख्श मार्ग मधुगढ़ी रोड से इगलास अड्डा चौराहे तक, मुरसान गेट गंदा कुआं से बड़े भैरव मंदिर तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण और बड़े भैरो मंदिर से ओढपुरा तिराहे तक सीमेंट सड़क निर्माण का कार्य होगा।
तीनों सड़क का निर्माण लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से होगा। लंबी खींचतान के बाद कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। एक सप्ताह के बाद दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। बता दें कि मधुगढ़ी रोड और मुरसान गेट पर एक साल पूर्व सीवर लाइन डाले जाने का काम हुआ।
सीवर लाइन डाले के बाद से दोनों ही रास्ते बदहाल स्थिति में पड़े हुए थे। कई बार टेंडर प्रक्रिया भी हुई, लेकिन विरोध के चलते हर बार टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। चेयरमैन प्रतिनिधि वासुदेव माहौर ने कहा कि एडीएम कार्यालय में शनिवार को एडीएम अली हसन कर्नी की मौजूदगी में टेंडर प्रक्रिया हुई। 66 लोगों ने टेंडर डाले। सभी टेंडर समान दरें होने के चलते लॉटरी सिस्टम से खोले गए। टेंडर खुलते ही इन सड़कों के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह या बारिश बंद होने के बाद से ही तीनों सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।