शहर के चूना वाला डंडा चौराहे पर लगा जाम।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के तालाब चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का एक चौथाई काम पूरा हो चुका है। करीब दो दर्जन गार्डर रविवार की रात तक रखे जा चुके हैं। गार्डरों को रखने के लिए रात में दो बार ब्लॉक लिया जा रहा है। मथुरा सिकंदराराऊ रोड के वन वे होने के कारण लोगों को जाम से सुबह से शाम तक जूझना पड़ा। शहर के अन्य मुख्य चौराहों पर भी सोमवार को भीषण जाम लगा रहा और लोग बेहद परेशान रहे।
उल्लेखनीय है कि शहर के तालाब चौराहा पर लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण तेज हो गया है। रेलवे निर्माण इकाई द्वारा अब रविवार की रात को दो ब्लॉक की मदद से तीन गार्डरों को रखा। कुल मिलाकर अब तक दो दर्जन से अधिक गार्डर रखे जा चुके हैं। रेलवे निर्माण इकाई द्वारा काम को जल्द से जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस काम में वहां से निकल रहे वाहन दिक्कतें खड़ी कर रहे हैं। ओवरब्रिज निर्माण के चलते यातायात को वन वे कर दिया गया है। इस कारण सुबह से शाम तक शहरवासी जाम से जूझ रहे हैं। शहर के बागला मार्ग, बिजली कॉटन मिल, इगलास अड्डा आदि रेलवे क्रासिंग पर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। यातायात को सुगम बनाने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं।