हाथरस सिटी स्टेशन पर आरओ एवं चिलर प्लांट व किला स्टेशन पर वाटर कूलर लगाया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से इन स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और उन्हें अब पानी की बोतल खरीदने पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।
हाथरस शहर के हाथरस सिटी स्टेशन और हाथरस किला स्टेशन पर यात्रियों को अब ठंडा पानी खरीदने के लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। हाथरस सिटी स्टेशन पर दिव्यांग सेवा संस्था की ओर से करीब 10 लाख रुपये की लागत से 20 हजार लीटर क्षमता वाला आरओ एवं चिलर प्लांट स्थापित कराया गया है, जबकि किला स्टेशन पर रेलवे की तरफ से वाटर कूलर लगाया गया है।
विज्ञापन
इस सुविधा के शुरू होने से इन स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और उन्हें अब पानी की बोतल खरीदने पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। अब तक स्थिति यह थी कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही ठंडा पानी खरीदकर पीना पड़ता था। कई यात्रियों की शिकायत थी कि हाथरस सिटी स्टेशन पर 14-15 रुपये कीमत वाली पानी की बोतल 20 रुपये तक में बेची जा रही थी, जिससे उन्हें मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ती थी।
रेलवे और सामाजिक संस्था की ओर से की गई यह व्यवस्था गर्मी के मौसम में आम यात्रियों को काफी राहत प्रदान करेगी। विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को इससे बड़ा लाभ मिलेगा।