सादाबाद के यमुना एक्सप्रेस वे पर गांव मिढ़ावली के निकट 7 जनवरी की रात को हुए हादसे में तीन कैंटर चालकों की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गांव कालाखेत सोनई कुरावली जिला मैनपुरी निवासी देवेश कुमार पुत्र इंस्पेक्टर सिंह ने सादाबाद कोतवाली में तरुण कुमार पुत्र राकेश सिंह निवासी जीवन नगर मुजेसर फरीदाबाद हरियाणा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को उनका भाई शिंदू यादव उर्फ राहुल कुमार अपनी खाली गाड़ी को लेकर फिरोजाबाद से मथुरा सामान लोड कराने के लिए जा रहा था। रात करीब 10.40 बजे जैसे ही वह यमुना एक्सप्रेस वे पर 142 माइल स्टोन के पास पहुंचा, तभी सामने एक गाड़ी खड़ी थी।
उसका चालक व क्लीनर बिना कोई संकेत दिए गाड़ी के पीछे खड़े होकर गाड़ी के डाले को सही कर रहे थे। उनका भाई कुछ समझ पाता कि उसकी गाड़ी आगे खड़ी गाड़ी से घना कोहरा होने के कारण टकरा गई। यह हादसा ट्रक संख्या डीएल 1 एलबाई 6933 के चालक तरुण कुमार की लापरवाही से हुआ। बाद में पता चला कि आगे वाली गाड़ी के चालक तरुण कुमार निवासी जीवन नगर मुजेसर फरीदाबाद और क्लीनर रंजीत निवासी नगला उम्मेद हाथरस उसकी व आगे वाली गाड़ी के बीच में फंस गए और मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।