कस्बे से जिला मुख्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग (नगला मोड़ तुरावली) का लगभग 500 मीटर का हिस्सा बदहाल पड़ा है। गड्ढों के कारण वाहनों को हिचकोले लेते और राहगीरों को धूल फांकते हुए निकलना पड़ रहा है।
कस्बा के लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी बदतर है कि इस पर काली सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। गड्ढों में तब्दील हुई सड़क से राहगीरों को कमर दर्द के साथ धूल-मिट्टी फांकते हुए निकलना पड़ता है। इस रास्ते से इंटर कॉलेज जाने वाले नगला मोड़, शेखा, बहादुरगढ़ी, उकावली, ऐदलपुर, चांदगढ़ी, नगरीय भूड़ से लेकर भोजपुर और हकीमगढ़ी गांव के बच्चे पैदल गुजरते हैं। वाहन चालकों को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। चेयरमैन फतेह सिंह कुशवाहा का कहना है कि सड़क को सीमेंटेड कराने का प्रस्ताव बनकर शासन को भेजा जा चुका है, स्वीकृति मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
जलाली की मुख्य सड़क पर गड्ढ़ों से हादसों का खतरा बना रहता है। दुर्घटनाओं से बचाव के लिए निर्माण बेहद जरूरी है। राजकपूर, टेलर
सड़क गायब हो चुकी है, बड़े वाहन निकलने पर स्कूली बच्चों को गिट्टी उझल कर लगने का खतरा रहता है। प्रदीप सिंह, किसान नेता, शेखा
वाहनों से धूल दुकान और घर में भरी रहती है। सांस लेने में भी दिक्कत होती है, सड़क को जल्द बनाया जाना चाहिए। छवि राम, नगला मोड़
बाइक से अलीगढ़ जाते समय जितना समय लगता है, उतना ही समय छोटे से हिस्से को पार करने में लग जाता है। कृष्ण कुमार सिंह