फर्जीवाड़े में फंसे अफसरों से रिकवरी के आदेश
सीएम सामूहिक विवाह योजना का मामला, अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुए फर्जीवाड़े में जिम्मेदार एडीओ समाज कल्याण सहित अन्य अधिकारियों से की जाने वाली रिकवरी के आदेश विभागों की ओर से जारी कर दिए गए हैं। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने 21 लोगों को अपात्र पाया था। इस आधार पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने 8.40 लाख रुपये की रिकवरी किए जाने के आदेश जारी किए थे।
सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद विभागीय स्तर से जिम्मेदार अधिकारियों पर रिकवरी की धनराशि भी तय कर दी गई है। इसके तहत 14 लाभार्थियों से 8,750 रुपये प्रति लाभार्थी, सात लाभार्थियों से 12,500 रुपये की वसूली की जाएगी। ग्राम पंचायत अधिकारी से 17,500, ग्राम विकास अधिकारियों से 1.92 लाख रुपये, ग्राम प्रधान से 2.10 लाख रुपये और एडीओ समाज कल्याण सहपऊ से 2.10 लाख रुपये की रिकवरी के आदेश जारी किए गए हैं। सभी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।