खंड विकास कार्यालय पर ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक लेतीं खड विकास अधिकारी प्रतिमा निमेष।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद खंड विकास कार्यालय में बुधवार को खंड विकास अधिकारी प्रतिमा निमेष ने सादाबाद ब्लाक की सभी ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक ली। बैठक में गर्मियों के मौसम की आहट के साथ ही गांवों में सभी खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कराने, उसको रिबोरिंग कराने तथा ओवरहेड टैंकों के जरिए पानी की सप्लाई कराने के सख्त निर्देश दिए गए। मनरेगा के लक्ष्य को जल्द ही हर हाल में पूरा करने और ईओएल सर्वे को एक हफ्ते में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में पानी के लिए लोगों को न भटकना पड़े, इसलिए सभी इंतजाम पूर्व में पूरे कर लिए जाएं। श्रमयोगी मानधन योजना के तहत कम पंजीकरण होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अधिक से अधिक पंजीकरण किए जाने के निर्देश दिए। हर ग्राम पंचायत में 14 वें वित्त से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराए जाने के लिए दो दिन में कार्य शुरू कराने के लिए कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत होने वाले कार्यों को लेकर शासन का खासा जोर है, इस कार्य में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सचिव तय समय में कार्य पूरा कर लें। आईजीआएस पोर्टल और तहसील दिवस में आने वाली सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से मौके पर जाकर समाधान करें और स्पष्ट आख्या दें। शौचालय की अवशेष धनराशि को दो दिन में वापस करने लाभार्थियों का दो दिन में भुगतान करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम, ग्राम पंचायत सचिव राजेश किंग, केपी सिंह, संजीव, ऋषि शर्मा, रविंद्र चौधरी, नेम सिंह, गजेंद्र, सुजाता जहां, जितेंद्र वर्मा, वेदप्रकाश, अशोक बाबू आदि थे।