सड़कों पर बारिश के पानी से जलभराव
- फोटो : संवाद
बारिश में शवयात्रा ले जाना भी मुश्किल
दोपहर करीब डेढ़ बजे टीम शहर के पत्थरवाली श्मशान रोड पर पहुंची। यहां सामान्य दिनों में भी कीचड़ की समस्या बनी रहती है। सोमवार की बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया। स्थानीय निवासी शकील ने बताया कि सड़क नीची और जर्जर होने के कारण पिछले करीब छह वर्षों से यह स्थिति बनी हुई है। शवयात्रा के साथ आने वालों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
मोहनगंज में राहगीरों के लिए रास्ता बंद
टीम को शहर के प्रमुख बाजार मोहनगंज में भी लोग जलभराव की स्थिति से जूझते हुए दिखे। पैदल राहगीरों के लिए रास्ता लगभग बंद हो गया था, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के वाहन अधिक जलभराव होने के कारण बंद पड़ गए थे। कुछ वाहन चालक बड़ी दिक्कतों के साथ जलभराव को पार कर पा रहे थे। राहगीर दिनेश कुमार ने बताया वह इस रास्ते से आना नहीं चाह रहे थे, लेकिन बारिश के कारण शार्टकट लिया था, अब स्कूटर बंद हो गया।
कंचन नगर में 600 परिवार मुश्किल में
आगरा रोड स्थित कंचन नगर कॉलोनी में बारिश शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद ही कॉलोनी की सड़कों पर पानी भर गया। करीब 600 परिवार जलभराव की समस्या से प्रभावित हैं। स्थानीय स्थानीय निवासी प्रवीन गुप्ता का कहना है कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत के बाद अस्थायी रूप से पानी निकलवा दिया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। नालियों में पानी का निकास सही नहीं होने से गंदगी भी फैलती है।
48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान द्वारा हाथरस और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार 20 जुलाई से 21 जुलाई तक जिले में भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है। 21 जुलाई से 22 जुलाई को भी हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।