बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव
गर्मी से आमजन को मिली राहत, बिजली ने दिखाए नखरे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शनिवार की शाम को हुई झमाझम बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे आमजन को गर्मी से राहत मिली। देहात में कई स्थानों पर लोकल फॉल्ट के चलते कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि शहर में पानी निकासी के लिए दस बड़े व कई छोटे नाले है। पालिका ने बरसात से पूर्व इन नालों की सफाई कराई, लेकिन अब बारिश के दौरान पालिका की पोल खुलती नजर आ रही है। शनिवार की शाम साढ़े चार बजे के लगभग एकाएक झमाझम बारिश हुई।
करीब आधा घंटे हुई बारिश से शहर में स्थान-स्थान पर जलभराव हो गया। कोतवाली सदर सहित कई सरकारी कार्यालयों में भी पानी भर गया। वैसे बरसात से गर्मी से लोगों को राहत मिली। लोकल फॉल्ट के कारण शहर व देहात के कई इलाकों में बिजली संकट रहा। कर्मी फॉल्ट की समस्या को दूर करने में जुटे रहे।