जिले में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने 27 से 29 अप्रैल के बीच हाथरस और आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी, बिजली की चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर ने किसानों को इस अवधि में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश और आंधी की संभावना को देखते हुए मक्का, उड़द और मूंग जैसी फसलों में सिंचाई अभी स्थगित रखें। कटी हुई गेहूं की फसल की मड़ाई जल्द से जल्द कर लें या उसे सुरक्षित स्थान पर तिरपाल से ढंककर रखें। तेज हवाओं से बचाव के लिए गेहूं के बंडल जरूर बांधें। आम के बागों में फलों को गिरने से बचाने के लिए सिंचाई करें और कोयलिया रोग की रोकथाम के लिए बोरेक्स का छिड़काव करें।