शहर के व्यस्ततम बागला कॉलेज रेल फाटक के खराब होने से राहगींरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह के समय अचानक फाटक खराब होने से राहगीरों को करीब 2.5 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगातार अलीगढ़ रोड व सासनी गेट चौराहे पर पहुंचना पड़ा। लगभग 50 मिनट तक फाटक बंद रहा। इस दौरान आपात फाटक का प्रयोग कर एक ट्रेन को भी गुजारा गया।
शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे फाटक में खराबी आने के कारण इसे बंद कर दिया गया। कुछ मिनट का इंतजार करने के बाद भी फाटक न खुलने पर राहगीरों को दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा गया। इस दौरान कासगंज से मथुरा की ओर जा रही एक मालगाड़ी को आपात फाटक लगाकर गुजारा गया। रेल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद फाटक की मरम्मत कर उसे सही किया।
इस दौरान बागला कॉलेज जाने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ मंडी से सब्जी लाने व ले जाने वालों को अलीगढ़ रोड, तालाब चौराहा ओवरब्रिज व मथुरा-बरेली राजमार्ग पर होकर फाटक के दूसरी ओर पहुंचना पड़ा। उन्हें लगभग 2.5 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ा। लगभग 50 मिनट बाद फाटक खुलने पर राहगीरों ने राहत की सांस ली।
ऑटोमेटिक फाटक से परेशान लोग
बागला कॉलेज सहित कई रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे की ओर से ऑटोमेटिक फाटक लगाए गए हैं। ये फाटक पुराने फाटक से काफी हल्के हैं। एक बटन दबाकर फाटक खोला व बंद किया जाता है, लेकिन ये फाटक आम लोगों के लिए काफी दुखदायी हैं। अक्सर फाटक खराब होने के कारण लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
काम से अलीगढ़ रोड जा रहे हैं, लेकिन फाटक काफी देर से बंद होने के कारण अब ओवरब्रिज से होकर गुजरेंगे। इस फाटक पर अक्सर दिक्कत रहती है, लेकिन क्या करें, शार्टकट होने के कारण यहां से निकलते हैं। फाटक ही खराब है।
-सर्वेश कुमार, राहगीर।
तालाब चौराहा ओवरब्रिज से होकर गुजरना काफी दिक्कत वाला होता है। यहां से अलीगढ़ रोड जाने में 700 मीटर का फासला तय करना पड़ता है, लेकिन ओवरब्रिज से अलीगढ़ रोड जाने पर लगभग 2.5 किलोमीटर का फेरा लगाना पड़ रहा है।
-मनोज कुमार, राहगीर।