औषधि महकमे की टीम ने बुधवार को सादाबाद और सहपऊ के तीन मेडिकल स्टोरों पर छापे मारे। तीनों दुकानों से छह दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। कार्रवाई से दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। कई मेडिकल स्टोर बंद हो गए।
गौरतलब हो कि सादाबाद के अंजली मेडिकोज, हरिओम मेडिकल स्टोर और सहपऊ के विष्णु मेडिकल स्टोर की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर शासन स्तर पर की गई थीं। शिकायतों में कहा गया था कि इन मेडिकल स्टोर पर नकली और एक्सपायरी डेट की दवाएं बेची जा रही हैं। इन शिकायतों की जांच करने के लिए औषधि निरीक्षक ने तीनों मेेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
औषधि निरीक्षक पूरनचंद्र ने बताया कि सीएचसी सादाबाद के सामने स्थित अंजली मेडिकोज से तीन, पशु अस्पताल के पास स्थित हरिओम मेडिकल स्टोर्स से एक और सहपऊ में होली वाली स्थित विष्णु मेडिकल स्टोर से दो दवाओं के सैंपल लिए। दवा विक्रेता इन दवाओं का खरीद बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। मौके पर सेल परचेज रिपोर्ट भी नहीं मिली। बिल बुक भी मौके पर नहीं पाई गई। विष्णु मेडिकल स्टोर पर फ्रिज भी नहीं था। सभी सात दिन का नोटिस दिया गया है। दवाओं के खरीद बिल प्रस्तुत करने तक दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
-------