जिले में घरेलू गैस वितरण के संबंध में मिल रहीं शिकायतों के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने अपनी टीम के साथ शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों, मिष्ठान भंडारों और रिजॉर्ट का निरीक्षण किया।
सुबह करीब 11:30 बजे वह मथुरा रोड कछपुरा स्थित श्याम गैस एजेंसी के गोदाम पर पहुंचे। गोदाम बंद मिला। प्रोपराइटर मुकेश मौर्या और गोदाम प्रभारी शिव कुमार की मौजूदगी में ताले खुलवाकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।
मौके पर 48 भरे और 629 खाली घरेलू सिलिंडर पाए गए। स्थिति को देखते हुए तत्काल भारत गैस के अधिकारियों से समन्वय कर गोदाम पर नई खेप मंगवाई गई और ओटीपी के माध्यम से वितरण शुरू कराया गया।
टीम ने नयागंज स्थित हन्नो लाला रबड़ी वाले, सर्कुलर रोड स्थित देवेंद्र मिष्ठान भंडार और अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिसोर्ट की रसोई की भी जांच की। हन्नोलाला रबड़ी वाले के यहां डीजल की भट्ठियों पर रबड़ी बनती मिली।
परिसर में कोई घरेलू सिलिंडर नहीं पाया गया। रामोजी रिजॉर्ट के मालिक सजल बूटिया ने बताया कि व्यावसायिक गैस की कमी के कारण वह वैकल्पिक ईंधन के रूप में कोयले का उपयोग कर रहे हैं। संवाद