हाथरस शहर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्वागत की तैयारियां धरी रह गईं। न्याय यात्रा बिना रुके सीधे निकल गई। इससे कांग्रेसी मायूस हो गए। इस दौरान लोग राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए तरसते हुए दिखे।
राहुल गांधी की न्याय यात्रा के स्वागत में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। कांग्रेस व सपा समर्थकों ने अलीगढ़ रोड स्थित आंबेडकर पार्क, आगरा रोड पर जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय पर राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां कर रखी थीं। आंबेडकर पार्क पर राहुल गांधी की न्याय यात्रा को देखते ही समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी, लेकिन न्याय यात्रा यहां नहीं रूकी। काफिला सीधा निकल गया। इससे यहां मौजूद समर्थक मायूस हो गए। यहां से राहुल गांधी की न्याय यात्रा घास की मंडी पहुंची। यहां करीब एक मिनट के लिए न्याय यात्रा रुकी। यहां कुछ लोगों ने उन्हें फूल माला भेंट की। राहुल गांधी ने गाड़ी में से ही फूल माला ले लीं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा कांग्रेस के आगरा रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर भी नहीं रुकी। राहुल गांधी ने गाड़ी से ही हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद यहां से निकल गए। यहां से यात्रा सादाबाद के लिए निकल गई। राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां यहां भी धरी रह गईं। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए लोग इंतजार करते रहे।
एक मिनट ठहरी न्याय यात्रा
राहुल गांधी की न्याय यात्रा घास की मंडी पर करीब एक मिनट के लिए रूकी। राहुल गांधी के ठहरते ही लोगों की भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए उनकी गाड़ी की तरफ दौड़ पड़ी। राहुल ने गाड़ी में से ही हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। कुछ लोगों ने राहुल गांधी को फूल माला भेंट की, जो उन्होंने गाड़ी में बैठे-बैठे ही स्वीकार कर लीं।
सासनी में नहीं रुके राहुल, हाथ हिलाते हुए निकल गए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्वागत के लिए क्षेत्र के कांग्रेसी जोरों से जुटे थे। लेकिन उनका हाथ केवल मायूसी ही आई। राहुल का काफिला सासनी में नहीं रुका। तीन दिन से की जा रही तैयारी धरी की धरी रह गई। सुबह से ही शहीद पार्क के आसपास का बाजार बंद रहा। राहुल गांधी के कस्बे से निकलने बाद बाजार खुला। रविवार सुबह से ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्वागत करने के लिए आगरा-अलीगढ़ मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग राहुल-प्रियंका को देखने व स्वागत के लिए एकत्रित हुए थे। समय के अभाव में उनका काफिला सासनी में बिना रुके ही हाथरस की ओर बढ़ गया। जिससे कांग्रेसियों में निराशा साफ नजर आई। इस मौके पर डॉ. कासिम अली, धीरज दीक्षित, कुलदीप कुमार, डॉ .प्रभात कुमार, सुरेश मल्ल, नरेंद्र वर्मा, कैलाश भूमिधर, हरिशंकर शर्मा, अजय, बनवारी लाल, मानिक चंद, वीरेंद्र जैन, मुन्ना लाल शर्मा, हरिशंकर शर्मा, अनिल कुमार, सुशील जैन, डॉ. शाहिद हुसैन, यूनुस खान, अफजल, असद खान आदि मौजूद थे।
सादाबाद में नहीं किया चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण
भारत जोड़ो न्याय यात्रा अलीगढ़ से सासनी, हाथरस व सादाबाद से गुजरने पर राहुल गांधी द्वारा सादाबाद के मथुरा बस अड्डे पर पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह के प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन राहुल बिना ठहरे निकल गए। इसको लेकर क्षेत्र में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में मायूसी नजर आई। राहुल गांधी की यात्रा का सादाबाद तिराहे पर स्थित चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करने के बाद गांव वेदई पर विश्राम स्थल तैयार किया गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को लेकर नगर के तिराहे पर कांग्रेसी अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। कांग्रेस नेता बार-बार माइक पर घोषणा करते नजर आ रहे थे। कह रहे थे कि राहुल गांधी चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करने के बाद आगे जाएंगे। प्रशासन के साथ काफी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। काफिला जैसे ही तिराहे के पास पहुंचा तो सारे कांग्रेसी खड़े हो गए। उन्हें अचंभा तो तब हुआ जब राहुल गांधी वहां रुके नहीं। काफिला सीधा कुरसंडा मोड़ के लिए रवाना हो गया। इससे आम जनता समेत कांग्रेस नेता मायूस नजर आए।