गांव छीतीपुर के ग्रामीण एसपी से पुलिस की शिकायत करने जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
हसायन पुलिस पर एक युवक ने संगीन आरोप लगाए हैं। अपने भाई की गिरफ्तारी का कारण पूछने पर एक युवक के साथ पुलिस ने बर्बरता दिखाई। युवक के साथ हुई कहासुनी के बाद पुलिस ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पिटाई में युवक की उंगली टूट गई। पीड़ित ने एसपी दिलीप कुमार को शिकायत कर आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव छीतीपुर के रहने वाले मोहनलाल का कहना है कि पुलिस ने बीते शुक्रवार को उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस शराब बेचने के आरोप में उसके छोटे भाई कन्हई पुत्र तेजेंद्र सिंह को उठाकर थाने ले गई। भाई की गिरफ्तारी की जानकारी होने पर मोहनलाल थाने गया और भाई को थाने लाए जाने का कारण पूछा।
मोहनलाल का कहना है कि पुलिस ने उसके भाई को शराब बेचने के झूठे आरोप में बंद किया था। इस पर थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने मोहनलाल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। भाई की गिरफ्तारी से आहत मोहनलाल ने हिम्मत कर पुलिसकर्मियों के बर्ताव का विरोध करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इस पर पुलिसकर्मी भड़क गए और मोहनलाल को जमीन पर गिरा लिया। आरोप है कि मोहनलाल को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। उस पर डंडे भी बरसाए गए। खुद को बचाने के दौरान ही डंडे की कई चोट मोहनलाल के हाथों पर पड़ीं। घायल हालत में वह किसी तरह थाने से बचकर बाहर निकल सका।
मोहनलाल ने शनिवार को जब अपने हाथ का एक्स-रे कराया तो उसमें अंगुली में फ्रेक्चर पाया गया है। मोहनलाल का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हड्डी तोड़ दी है। मोहनलाल ने इस बारे में शनिवार को एसपी से मिलकर शिकायत की।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मैं शुक्रवार को वीआईपी ड्यूटी में शहर से बाहर गया हुआ था। अगर कोई शिकायत मिलेगी तो मामले की जांच की जाएगी।
- एनपी सिंह, एसओ हसायन