जनप्रतिनिधियों के विरोध में चामड़ गेट पर चस्पा किए गए पोस्टर शहर में चर्चा का विषय बन गए हैं। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पर इन पोस्टर की चर्चा हो रही है। कोई इसे जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का नतीजा बता रहा है तो कोई इसे विपक्ष की हरकत बता रहा है।
लंबे समय से सड़क जर्जर पड़ी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। इस कारण यहां दुर्घटना होती रहती है। जिम्मेदार सबकुछ जानते हुए भी मौन हैं। - दानिश निवासी चामड़ गेट।
पुलिया चोक पड़ी है। इससे गंदा पानी सड़क पर आ जाता है। राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कोई सुनवाई नहीं हो रही।- ललित वार्ष्णेय, स्थानीय दुकानदार।
सड़कें जर्जर पड़ी हैं। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। - गौरव निवासी चामड़ गेट।
नगर पालिका प्रशासन व पालिकाध्यक्ष से सड़क की मरम्मत कराने की कई बार मांग की जा चुकी है। पूर्व में नगर पालिका द्वारा दो बार इस सड़क की मरम्मत कराने के बहाने लीपापोती कर दी गई। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आए-दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। - मनीष अग्रवाल, सभासद, वार्ड 35।
विरोध गलत है। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।-श्वेता चौधरी, पालिकाध्यक्ष हाथरस।