जलेसर रोड स्थित भिलोखरी चौराहे पर बारिश के चलते एक बरामदे में धरना देते लोग। संवाद
- फोटो : samvad
हाथरस-जलेसर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जलेसर रोड स्थित गांव भिलोखरी के चौराहे पर 27 वें दिन भी ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन और दूसरे दिन भी क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी भी अड़े रहे। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव ने धरने को समर्थन दिया।
धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रवादी क्रांतिकारी सेना के राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा हम तब तक संघर्ष जारी रखेंगे, जब तक सरकार हमारी मांगें नहीं मान लेती। सड़क हमारी सामाजिक और आर्थिक दोनों ही दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है, जो कि शिक्षा में भी एक अहम भूमिका निभाती है। यह हमारा मौलिक अधिकार है।
इसे पाने के लिए हम संवैधानिक तरीके से लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। सरकार हमारी कितनी भी परीक्षा ले ले। दूसरे दिन क्रमिक हड़ताल में देवेंद्र तोमर, किशनपाल सिंह और चंद्रपाल सिंह क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे रहे। दिनेश भारद्वाज ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस ने धरने को समर्थन दिया। हाथों पर काली पट्टी बांधकर न्यायिक कार्य से विरक्त रहने का निर्णय लिया।
इस मौके पर सत्यपाल सिंह सेंगर, सत्येंद्र ठाकुर, राम कुमार गौतम, अशोक परमार, प्रहलाद सिंह, विशंभर दयाल, विजेंद्रपाल शर्मा, शंकर सिंह, आदि मौजूद रहे।