हाथरस। गांव गिजरौली के लोगों ने विद्युत समस्याओं व मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली किए जाने के विरोध में गिजरौली बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप था कि पूरे गांव में जर्जर विद्युत तारों का जाल बिछा हुआ है।
जर्जर तारों के चलते गांव में आए दिन हादसे हो जाते हैं। कई गायों की हादसे में मौत हो चुकी है। ग्रामीण भी कई बार झुलस चुके हैं। गांव में खराब ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया है जिससे आए दिन हाई वोल्टेज होने से विद्युत उपकरण फुंक जाते हैं। गांव में मीटर लगाने के नाम पर अधिकारी व उनके कर्मचारी अवैध वसूली कर रहे हैं। गांव के काफी महिला व पुरुष अधिकारियों से शिकायत करने आए थे, लेकिन कोई समस्या सुनने वाला नहीं मिला। प्रदर्शन करने वालों में ओमवती, आशा, कपूरी, मुन्नी, चम्पा, बबिता, कृष्णगोपाल, सोहन देवी, पवन, लक्ष्मी, चमेली, कुसमा, नीरज, गीतम सिंह, सुनील कुमार, राजकुमार, राजन लाल, बिल्ला, कपिल, छोटे, ज्वाला सहित काफी ग्रामीण शामिल थे।