क्रीड़ा मैदान को बचाने के लिए उतरे शिक्षक एवं छात्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी। कस्बा के केएल जैन इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान को लेकर विरोध के स्वर उभरने लगे हैं। रविवार को छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इससे पहले स्कूल के शिक्षक एवं प्रधानाचार्य भी यहां आतिशबाजी एवं पटाखे बिकने का विरोध जता चुके हैं। रविवार को खेलकूद में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शन कर नारेबाजी की। खेलकूद के मैदान का दुरुपयोग रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराने का निर्णय लिया है।
विद्यालय के क्रीड़ा विभाग व शिक्षक एवं प्रधानाचार्य का आरोप है कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मैदान को खून पसीने की मेहनत से समतल कर खेलकूद के लायक बनाया है। पटाखे आदि की बिक्री होने से मैदान गंदा हो जाएगा। दौड़ने के लिए बने ट्रैक की हालत खराब हो जाएगी। हॉकी के लिए मैदान को नए तरीके से बनाया गया है इसका भी स्वरूप बदल जाएगा।
शिक्षकों का आरोप है कि सुबह शाम छात्र-छात्राएं विविध खेलों का अभ्यास करने मैदान में आते है। विद्यालय प्रशासन का काफी पैसा खर्च हुआ है। रविवार को विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने खेल के मैदान पर जमा होकर प्रदर्शन किया। इसकी एक विज्ञप्ति विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन ने लिख कर जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी को प्रेषित की है।