हाथरस। शहर के आधा दर्जन इलाके 13 दिन से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। मंगलवार को क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए सैकड़ों लोग नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए ओढ़पुरा स्थित विद्युत सर्किल दफ्तर पर पहुंच गए। यहां प्रदर्शनकारियों ने अधीक्षण अभियंता को घेर लिया और बिजली संकट दूर न होने पर आक्रोश जाहिर किया।
एक प्राइवेट कॉलोनी के ऊपर से तारों को हटाए जाने के विरोध में तीन दिसंबर को प्रेमनगर कॉलोनी के निकट अपने मकानों के ऊपर से निकल रही एचटी लाइन को लोगों ने स्वंय ही काट दिया था। जिसके बाद से बालापट्टी, लाला का नगला, नईबस्ती, विद्यापति नगर व अन्य कई इलाकों में बिजली संकट कायम हो गया था। स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की, लेकिन विभाग नहीं चेता। विभागीय कार्रवाई सिर्फ इलाकों के दौरों तक सीमित रही।
लगातार 12 दिन बाद भी इलाकों की बिजली को सुचारू नहीं किया गया। 13वें दिन मंगलवार को इलाकों के सैकड़ो लोग एकत्रित होकर नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए ओढ़पुरा स्थित बिजली दफ्तर पहुंच गए, और वहां एसई राकेश वर्मा को घेर लिया। लोगों ने कहा कि बिन बिजली के उनका जीना दुश्वार हो गया है। घरेलू काम के साथ-साथ अन्य काम में काफी दिक्कतें आ रही हैं। दूसरे इलाकों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, लेकिन महकमा सिर्फ तमाशा देख रहा है। एसई ने समस्याएं सुनने के बाद लोगों को आश्वस्त किया कि बुधवार से इन इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारु कराए जाने का काम शुरु कर दिया जाएगा। एक-दो दिन में आपूर्ति भी बहाल हो जाएगी।