वर्षों से खराब जिले की 292 सड़कों को बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इनके नवनिर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजी जाने वाली कार्ययोजना में शामिल किया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद इनका विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। बजट स्वीकृत होने पर टेंडर निकाल कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
कस्बाें और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी इन सड़कों में जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। लोक निर्माण विभाग ने सर्वे कर ऐसी सड़कों की सूची तैयार की है। इन 292 सड़कों में अधिकांश एक से दो किलोमीटर लंबाई की संपर्क सड़कें हैं। इनमें कई सड़कें ऐसी भी हैं, जिनकी मरम्मत वर्षों से नहीं हुई है और उनका नवनिर्माण आवश्यक हो गया है। विस्तृत प्रस्ताव तैयार करते समय सड़क की वर्तमान स्थिति, यातायात का दबाव और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि कार्ययोजना को अंतिम रूप देकर शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद प्रत्येक सड़क का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसके आधार पर बजट निर्धारित होगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।