जिले के दो जर्जर मार्गों का चौड़ीकरण व नवीनीकरण का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग की ओर शासन को भेजा गया है। दोनों मार्गों की हालत बेहद खराब है। इनमें गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सासनी से नानऊ की ओर जाने वाला मार्ग काफी जर्जर है। इस मार्ग पर छोटा हो या बड़ा वाहन दोनों को ही आवागमन में परेशानी होती है। इस मार्ग से करीब 22 गांव जुड़े हैं। लोनिवि की ओर से करीब 12.5 किलोमीटर लंबे इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। दूसरी ओर अलीगढ़ मार्ग से बिलखौरा तक करीब तीन किलोमीटर तक की सड़क भी काफी जर्जर है। इसका नवीनीकरण कराया जाना है। इसके लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजकर सड़क निर्माण की स्वीकृति मांगी है। विभाग ने 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। कुछ दिन पहले सदर विधायक अंजुला माहौर की ओर से इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाया गया था। एक्सईन राजेश निगम ने बताया है कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।