एक डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्राओं का यौन शोषण का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत की गई है। यह शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें पास कराने और नौकरी दिलाने के नाम पर छात्राओं का शोषण करने और वीडियो बनाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस मामले की शिकायत कई बार कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष और प्रबंधक को भी दी गई है। शिकायतकर्ता ने खुद की जान को खतरा बताते हुए अपना नाम व पता फर्जी बताया है। साथ ही कहा है कि शिकायत के साथ आरोपी प्रोफेसर के कुछ आपत्तिजनक फोटो भी भेजे गए हैं।
प्रोफेसर का कहना है कि 18 माह से यह मामला चल रहा है। तीन शिकायतें हो चुकी हैं। पहली शिकायत फर्जी पाई गई। दूसरी शिकायत गुमनाम थी। अब तीसरी शिकायत की जानकारी मिल रही है। मामले की जांच डीएम स्तर, मंडल स्तर, सीओ, डायरेक्टर ऑफ एजूकेशन कर चुके हैं। यह उन्हें बदनाम करने का षडयंत्र रचा जा रहा है।